इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार योजना’ के काम के लिए नवीन दिशा-निर्देशों को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार योजना’ के क्रियान्वयन के लिए नवीन दिशा-निर्देशों को स्वीकृति दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारन्टी योजना (मनरेगा) की तर्ज पर शहरी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई है।
800 करोड़ रूपए खर्च करेगी सरकार
अशोक गहलोत ने वर्ष 2022-23 के बजट में यह घोषणा की थी कि शहरी क्षेत्रों में निवास करने वाले परिवारों को प्रति वर्ष 100 दिन का रोजगार ‘इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार योजना’ के अन्तर्गत उपलब्ध करवाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर राज्य सरकार प्रतिवर्ष 800 करोड़ रूपए खर्च करेगी।
18 वर्ष से 60 वर्ष की आयु के सदस्य का जन आधार कार्ड के आधार पर होगा पंजीकरण
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रस्तावित योजना में स्थानीय निकाय क्षेत्र में निवास कर रहे 18 वर्ष से 60 वर्ष की आयु के सदस्य का जन आधार कार्ड के आधार पर पंजीकरण किया जाएगा।
योजना में अनुमत कार्य करवाने के लिए राज्य/जिला/निकाय स्तर पर कमेटियों के माध्यम से कार्य स्वीकृत एवं निष्पादित करवाया जाएगा।
सामान्य प्रकृति के कार्य स्वीकृत एवं निष्पादित कराने के लिए समान में लगने वाले खर्च व पारिश्रमिक लागत का अनुपात 25ः75 तथा विशेष प्रकृति के कार्यों हेतु सामग्री लागत तथा पारिश्रमिक भुगतान का अनुपात 75ः25 होगा।
15 दिनों में किया जाएगा भुगतान
कार्यों का भुगतान मनरेगा के अनुरूप श्रमिकों के बैंक खाते में 15दिनों में किया जाएगा। साथ ही, कार्यस्थल पर काम करने वाले श्रमिकों को सुविधाएं प्रदान करने के साथ ही शिकायतों के निवारण एवं सामाजिक अंकेक्षण के लिए भी योजना में प्रावधान किए गये हैं।
संचालन हेतु अधिकारियों की संविदा पर होगी नियुक्ति
योजना के संचालन हेतु स्थानीय निकाय विभाग तथा निकाय स्तर पर योजना प्रकोष्ठ गठित करते हुए विभिन्न अधिकारियों/कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति/संविदा नियुक्ति की जाएगी।
साथ ही मनरेगा योजना के अनुरूप प्रस्तावित योजना के लिए प्रशासनिक व्यय को 800 करोड़ रूपए के 6 प्रतिशत तक सीमित रखे जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति प्रदान की है।
इसी तरह की और जानकारी के लिए हमारे Facebook पेज को लाइक करें और Instagram, Twitter पे हमें फ़ॉलो करें। आप इस विषय में कोई भी जानकारी कॉमेंट्स के द्वारा हम तक पहुँचा सकते हैं। आप के सुझाव हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं|